Palamu News: डीडीसी जावेद हुसैन बने खूंटी के नए उपायुक्त, प्रबुद्ध जनों और समाजसेवियों में भारी हर्ष

मेदिनीनगर: उप विकास आयुक्त (डीडीसी) जावेद हुसैन को खूंटी जिला का नया उपायुक्त (डीसी) बनाए जाने पर क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों और समाजसेवियों ने हर्ष व्यक्त किया है। इस उपलक्ष्य में समाजसेवी सतनारायण शुक्ला एवं उनके सहयोगी मित्र सत्येंद्र कुमार मेहता ने निवर्तमान डीडीसी जावेद हुसैन से मुलाकात की। उन्होंने नए जिले की कमान संभालने के लिए उन्हें सप्रेम पुस्तक भेंट कर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।
मुलाकात के दौरान समाजसेवियों ने पलामू में उनके लगभग तीन वर्षों के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जावेद हुसैन का कार्यकाल जनहित, संवेदनशील प्रशासन और आम जनता के प्रति सकारात्मक सहयोग के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। चाहे पलामू के फोर्थ ग्रेड अभ्यर्थियों का संवेदनशील मुद्दा हो या मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याएं, उन्होंने हर मामले को हमेशा गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व उचित समाधान की दिशा में सराहनीय पहल की।
सरल स्वभाव और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी हैं जावेद हुसैन: सतनारायण शुक्ला मौके पर उपस्थित समाजसेवी सतनारायण शुक्ला ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि, “जावेद हुसैन बेहद सरल स्वभाव, खुशमिजाज व्यक्तित्व और जनहित के प्रति पूरी तरह समर्पित अधिकारी हैं। उनसे मिलकर हमेशा ऊर्जा मिलती है और बहुत कुछ सीखने को मिलता है। पलामू के विकास और यहाँ की जनता के हित में दिए गए उनके अमूल्य योगदान के लिए पलामू की जनता सदैव उनकी आभारी रहेगी।”
प्रबुद्ध जनों ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि जावेद हुसैन खूंटी जिले में भी अपने उत्कृष्ट कार्यों से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और आने वाले समय में और भी ऊंचे प्रशासनिक पदों पर आसीन होकर झारखंड की दिशा और दशा बदलने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


