Ramgarh News: कोयला तस्करों का नया पैंतरा, पैसेंजर सूमो को कस्टमाइज्ड कर ढोया जा रहा था अवैध कोयला, वाहन जब्त

रजरप्पा: रविवार देर रात्रि लगभग 9:30 बजे सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के सुरक्षाकर्मियों को दैनिक गश्ती के दौरान कोइहारा बस्ती की ओर से दो ट्रैक्टरों द्वारा सीसीएल स्टॉक से चोरी किए गए कोयले की अवैध दुलाई किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर गश्ती दल द्वारा सेक्शन-1 खदान क्षेत्र अंतर्गत ढंठवा टाँड की ओर घेराबंदी की गई।
इसी दौरान 44 नंबर स्टॉक के पीछे से एक सफेद रंग की टाटा सूमो ग्रैंड वाहन ढंठवा टांड की ओर आती हुई दिखाई दी। सुरक्षाकर्मियों द्वारा वाहन को रुकने का संकेत दिया गया। गश्ती दल के वाहन के समीप पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। जाँच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में कोयला लदा पाया गया। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि कोयला तस्करी के उद्देश्य से उक्त पेसेंजर वाहन को विशेष रूप से कस्टमाइज्ड कराया गया था, ताकि आसानी से कोयले का अवैध परिवहन किया जा सके।
गाड़ी का नंबर जेएच-09आर-053 अंकित था जिसका अंतिम अंक मिटाया हुआ था। इसी बीच तेज रफ्तार में ट्रैक्टरों के भागने की आवाज सुनाई दी, किन्तु अंधेरे एवं दुर्गम क्षेत्र का लाभ उठाकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। सीसीएल सुरक्षा विभाग द्वारा उक्त वाहन को जब्त कर रजरप्पा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही कोयला चोरी एवं अवैध परिवहन के संबंध में शिकायत दर्ज कराने हेतु थाने में आवेदन भी दिया गया है।


