Koderma News: तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण को लेकर सिविल सर्जन सभागार में प्रशिक्षण

कोडरमा: तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण और तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को सदर अस्पताल, कोडरमा स्थित सिविल सर्जन सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आयुष्मान भारत आरोग्य मंदिरों में कार्यरत एएनएम को तंबाकू नियंत्रण, तंबाकू जनित बीमारियों की पहचान और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. रमण कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है।
इसके दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू के सेवन के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। मुख्य प्रशिक्षक एवं वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रिया श्री ने तंबाकू सेवन से होने वाली मुख संबंधी बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ओरल स्क्रीनिंग के माध्यम से मुख कैंसर और अन्य बीमारियों की शुरुआती पहचान करने की प्रक्रिया भी समझाई।
उन्होंने कहा कि समय पर जांच और बीमारी की पहचान से मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। वहीं, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी दीपेश कुमार ने तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के लिए आवश्यक कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कोटपा संशोधन अधिनियम, 2021 के प्रावधानों से भी स्वास्थ्यकर्मियों को अवगत कराया तथा तंबाकू नियंत्रण के लिए कानून के प्रभावी अनुपालन और जनजागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सुरेश राम, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी महेश कुमार, साइकोलॉजिस्ट गणेश कुमार दास, जिला कार्यक्रम सहायक इंदिरा कुमारी, सिद्धांत ओहदार, हिमांशु कुमार सहित एएनएम सुषमा कुमारी, अंकिता कुमारी, गीता कुमारी, किरण सिन्हा, मेनका कुमारी, आशा कुमारी, पूजा कुमारी, गुलशन परवीन, विभा कुमारी, माया कुमारी सिन्हा, निर्मला कुमारी, अर्चना कुमारी एवं धर्मशीला कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।


