Hazaribagh News: ओमेगा कप टी-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का रोमांच

हजारीबाग के अन्नदा कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ओमेगा कप टी-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत शनिवार को दो रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुंबई के कस्टम ऑफिसर (होमटाउन हजारीबाग निवासी) प्रशांत कुमार कुशवाहा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पहले मुकाबले में आतिक्ष बजाज ने हजारीबाग ओल्ड को 8 विकेट से हराकर और दूसरे मुकाबले में प्रोग्रेसिव फार्मा ने जुम्बी-11 को 24 रनों से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। आयोजक शादाब अंसारी ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया।

हजारीबाग: शहर के अन्नदा कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ओमेगा कप टी-10 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। 15 मई से शुरू हुए इस भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत शनिवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई के कस्टम ऑफिसर प्रशांत कुमार कुशवाहा उपस्थित हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई भी की। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया गया।

मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि अपने होमटाउन हजारीबाग में इस तरह का भव्य क्रिकेट आयोजन देखना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे।

तीसरे क्वार्टर फाइनल में आतिक्ष बजाज की शानदार जीत

टूर्नामेंट का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला हजारीबाग ओल्ड और आतिक्ष बजाज के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हजारीबाग ओल्ड की टीम ने 8 विकेट खोकर 96 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आतिक्ष बजाज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 2 विकेट खोकर 97 रन बनाकर 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया और सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

प्रोग्रेसिव फार्मा ने जुम्बी-11 को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

वहीं चौथा और अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला प्रोग्रेसिव फार्मा और जुम्बी-11 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोग्रेसिव फार्मा की टीम ने 9 विकेट खोकर 96 रन बनाए। जवाबी पारी में जुम्बी-11 की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 82 रन ही बना सकी। इस तरह प्रोग्रेसिव फार्मा ने 24 रन से शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

टूर्नामेंट के आयोजक शादाब अंसारी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में क्रिकेट को लेकर अपार संभावनाएं हैं और सभी टीमें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ओमेगा कप का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More