Giridih News: दहेज की बलि चढ़ी विवाहित, गांडो गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

जमुआ: चकमंजो पंचायत अंतर्गत गांडो गांव में दहेज की लालच में एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। शनिवार सुबह महिला का शव संदिग्ध हालत में घर में मिला। मायके पक्ष ने जमुआ थाना में आवेदन देकर पति, सास-ससुर समेत ससुराल के अन्य सदस्यों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, शव भेजा पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके वालों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं।


