Bokaro News: परिवहन सचिव राजीव रंजन का औचक एक्शन, जिला परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा

बोकारो: शनिवार को परिवहन विभाग झारखंड सरकार के सचिव राजीव रंजन ने जिला परिवहन कार्यालय बोकारो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय कर्मियों से विभिन्न कार्यों की जानकारी ली तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद उन्होंने उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर परिवहन व्यवस्था एवं विभागीय योजनाओं पर चर्चा की।बाद में, बोकारो परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में परिवहन सचिव ने कहा कि राज्य सरकार परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
परिवहन सचिव ने कहा कि बोकारो जिला परिवहन कार्यालय में कई क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने की दिशा में भी पहल की बात कही।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं कमजोर वर्ग के लोगों तथा विद्यालय जाने वाले बच्चों को निःशुल्क गांव से शहर तक सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
इसके लिए रूट निर्धारण एवं रूट फाइनल जिला से करके विभाग को भेजा जाता है। जिसके बाद रूट फाइनल कर – बस ऑपरेटरों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत वाहनों की मॉनिटरिंग जीपीएस ट्रैकर के माध्यम से की जाएगी तथा सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सब्सिडी का भुगतान डीटीओ के माध्यम से किया जाएगा। परिवहन सचिव ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा 40 से 50 ईलेक्ट्रिक बसों की खरीद की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
राज्य के प्रमुख जिलों में चरणबद्ध तरीके से 4 से 5 ईवी बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।उन्होंने कहा कि झारखंड को पूर्वी भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल क्षेत्र का महत्वपूर्ण राज्य बनाने की दिशा में विभाग कार्य कर रही है। इसके लिए पूरे राज्य में आवश्यकता अनुसार चार्जिंग स्टेशन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा।परिवहन सचिव ने कहा कि राजस्व संग्रहण बढ़ाने के उद्देश्य से सभी जिलों को माहवार लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं।
निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी एवं संबंधित टीमों को विभिन्न रूटों पर नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसकी मॉनिटरिंग उपायुक्त स्तर से नियमित की जाएगी।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। सड़क सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। हाल ही, में चंदनकियारी में हुई सड़क दुर्घटना में दंपति की मृत्यु एवं तीन बच्चों के अनाथ होने की घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभावित बच्चों को हिट एंड रन” योजना के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवहन सचिव ने कहा कि विभाग अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन करने की दिशा में कार्य कर रहा है। आने वाले समय में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित फेसलेस इंटरवेंशन व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि आम लोगों को पारदर्शी एवं सरल सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बोकारो में ट्रांसपोर्ट नगर एवं आधुनिक बस स्टैंड विकसित करने की दिशा में भी सकारात्मक पहल करने की बात कही। मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।


