Hazaribagh News: राष्ट्रीय शतरंज महाकुंभ का महासमापन कल, 668 खिलाड़ियों के दिमागी जंग का रविवार को होगा फैसला

हज़ारीबाग़: डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन एवं ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन की अधिकृत अनुमति से आयोजित एचडीसीए ऑल इंडिया फाइड रेटिंग क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन रविवार को होगा। नौ दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तर के शतरंज महाकुंभ में दोनों सत्रों को मिलाकर कुल 668 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पहले सत्र में 272 एवं दूसरे सत्र में 396 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और रणनीतिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का दूसरा सत्र विशेष रूप से 1800 से कम फाइड रेटिंग (अंडर-1800) खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया गया था।
इस वर्ग में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे उभरते और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने दिमागी कौशल, धैर्य और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे है हर बोर्ड पर खेल का रोमांच चरम पर दिखाई दिया। कहीं घोड़े की सटीक चाल विरोधी खिलाड़ी की रणनीति पर भारी पड़ती नजर आई तो कहीं वजीर, हाथी और ऊंट की संयोजित चालों ने मुकाबलों को बेहद दिलचस्प बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की निगाहें लगातार शतरंज की बिसात पर टिकी रहीं। हर चाल के साथ जीत की उम्मीद और बेहतर प्रदर्शन का दबाव खिलाड़ियों के चेहरे पर साफ दिखाई देता रहा। आठ राउंड के करीब पहुंचते ही खिलाड़ियों की धड़कनें तेज हो गई हैं और हर प्रतिभागी बेहतर रैंक हासिल करने के लिए पूरी एकाग्रता के साथ मुकाबले में जुटा हुआ है।
दूसरे सत्र का उद्घाटन गुरुवार को हुआ था। शनिवार तक आठ राउंड सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, जबकि रविवार को नौवें एवं अंतिम राउंड के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाले इस समारोह में विजेता खिलाड़ियों के बीच कुल 2 लाख 6 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं मोमेंटो का वितरण किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 37 कैश प्राइज निर्धारित किए गए हैं, जिसमें प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय 27 हजार रुपये, तृतीय 15 हजार रुपये एवं चतुर्थ पुरस्कार 10 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा महिला, वेटरन, अनरेटेड एवं हजारीबाग खिलाड़ी वर्ग में भी आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के साथ पहुंचे अभिभावक भी अपने प्रतिभागियों की जीत की कामना करते नजर आ रहे हैं।
वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ी और उनके परिजन हजारीबाग की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली, शांत वातावरण और यहां की मेहमाननवाजी का आनंद उठा रहे हैं। कई प्रतिभागी हजारीबाग की खूबसूरत वादियों और यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद करते भी दिखाई दिए। कार्यक्रम निदेशक करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर एक मजबूत पहचान मिले। देशभर से खिलाड़ियों की भागीदारी यह साबित करती है कि यहां प्रतिभाओं के लिए बेहतर मंच तैयार हो रहा है।
सचिव मनमीत अकेला ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और रणनीतिक क्षमता दिखाने का शानदार अवसर दिया है। खिलाड़ियों का उत्साह और मुकाबलों का स्तर पूरे आयोजन को यादगार बना रहा है। प्रतियोगिता के सफल संचालन में मुख्य निर्णायक विशाल मिंज के साथ निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। वहीं कार्यक्रम निदेशक करण जायसवाल, संघ अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव मनमीत अकेला सहित पूरी आयोजन समिति इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को सफल बनाने में पूरी निष्ठा के साथ जुटी हुई है।


