Koderma News: ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता में पीवीएसएस डीएवी के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

डीएवी झुमरीतिलैया।

कोडरमा: जिला स्तरीय ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता में पी. वी. एस. एस. डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरीतिलैया के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने सीनियर वर्ग में प्रथम और जूनियर वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया। मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, राष्ट्रीय विरासत और मूल्यों से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्र के प्रति जागरूकता और गौरव की भावना विकसित करना था। प्रतियोगिता के लिखित प्रारंभिक चरण से लेकर विभिन्न क्विज राउंड तक डीएवी के विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

सीनियर वर्ग में कक्षा 9 के श्रेष्ठ वर्मा और शुभम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, जूनियर वर्ग में कक्षा 8 के एकलव्य राज और जगन्नाथ राय ने तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने प्रार्थना सभा में सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्रेष्ठ वर्मा और शुभम कुमार को आगामी माह बोकारो में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों विद्यार्थी राज्यस्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाएंगे। प्राचार्य ने प्रतियोगिता के समन्वयक एवं सामाजिक विज्ञान के शिक्षक दिनेश कुमार दूबे को भी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और उनकी सफलता में योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों के पीछे उनकी मेहनत और लगन के साथ शिक्षकों का समर्पण, अभिभावकों का सहयोग तथा निरंतर प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय परिवार ने सभी सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपने ज्ञान, प्रतिभा और परिश्रम के बल पर नई उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More