रामगढ़ में बड़ा खुलासा: 100 टन अवैध कोयला जब्त, मचा हड़कंप

रामगढ़ जिले के रजरप्पा क्षेत्र में सीसीएल प्रबंधन और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 100 टन अवैध कोयला जब्त किया। भूचूंगडीह गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां अवैध कोयला भंडार का खुलासा हुआ।

रामगढ़: सीसीएल रजरप्पा प्रबंधन द्वारा चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत पिछले कई दिनों से आसपास के ग्रामीणों से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध कोयला जब्ती का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में भूचूंगडीह गांव में एक अवैध कोयला भंडार का उद्भेदन हुआ।

इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग एवं रजरप्पा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम स्थल पर पहुंची। सीसीएल रजरप्पा सुरक्षा विभाग तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में सीसीएल द्वारा उपलब्ध कराए गए जेसीबी, हाइवा और टिपर से कोयला उठाने का कार्य शुरू किया गया।

बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग करते हुए ट्रैक्टर उपलब्ध कराए, जिससे काम आसानी से पूरा किया जा सका। जब्त कोयले को रजरप्पा परियोजना को सौंप दिया गया। कोयला उठाने के बाद अवैध भंडारण स्थल तक जाने वाले रास्ते में ट्रेंच कटिंग भी की गई।

सीसीएल रजरप्पा प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सीसीएल क्षेत्र की संपत्ति की चोरी एवं दोहन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। स्थानीय ग्रामीणों के बीच जागरूकता और उनके सहयोग से राष्ट्र की संपत्ति को बचाने का कार्य लगातार जारी रहेगा।

इस अभियान में सीसीएल सुरक्षा अधिकारी आशीष झा, वन विभाग के फॉरेस्टर यशवंत कुमार के अलावा सीसीएल सुरक्षाकर्मी रामचंद्र मांझी, अरुण कुमार राणा, नरेंद्र तांती समेत अन्य सुरक्षाकर्मी एवं वनरक्षी मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More