साहिबगंज सदर SDPO ने संभाला पदभार: कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

साहिबगंज: अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में नवपदस्थापित सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान एसडीपीओ किशोर तिर्की ने उन्हें प्रभार सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदभार संभालते ही एसडीपीओ सुशील कुमार ने अपनी कार्यशैली साफ कर दी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, आगंतुकों से मित्रवत व्यवहार और अनुमंडल में विधि-व्यवस्था बनाए रखना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि टीमवर्क के तहत कार्य कर क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा का माहौल दिया जाएगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर पुलिस प्रशासन का खास ध्यान रहेगा। नए एसडीपीओ ने समाज के असामाजिक तत्वों और मनचलों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस की पैनी नजर ऐसे लोगों पर रहेगी। कानून तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील भी की।
सुशील कुमार इससे पूर्व साहिबगंज विशेष शाखा में पदस्थापित थे। इसके अलावा वे बोरियो, रांगा और मंडरो थाना के थाना प्रभारी के तौर पर भी काम कर चुके हैं। जिले की भौगोलिक और आपराधिक स्थिति से वे भली-भांति परिचित हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जिले में लंबे समय तक थाना प्रभारी और विशेष शाखा में काम कर चुके सुशील कुमार के अनुभव से अनुमंडल की कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। खासकर सीमावर्ती इलाकों में अपराध नियंत्रण पर फोकस बढ़ने की उम्मीद है। जिले की क्राइम प्रोफाइल और सीमावर्ती चुनौतियों को देखते हुए अनुभवी अधिकारी की तैनाती अहम मानी जा रही है। अब देखना है कि ‘मित्रवत पुलिसिंग’ का वादा जमीन पर कितना उतरता है।


