Koderma News: कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर में राखी निर्माण और एथलेटिक्स विजेता सम्मानित

कोडरमा: कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित वंदना सभा में राखी निर्माण प्रतियोगिता और क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के विजेता भैया-बहनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और खेलकूद के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।भारतीय डाक विभाग की झुमरी तिलैया शाखा के तत्वावधान में आयोजित राखी निर्माण प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में नाया सिंह राठौर ने प्रथम, अन्वि पहाड़ी ने द्वितीय तथा अनुष्का कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वंदना सभा के दौरान विद्यालय के प्राचार्य आनंद मोहन, मुख्य अतिथि डाक अधिकारी सुचिता कुमारी और अमन कुमार ने संयुक्त रूप से विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। वहीं, विद्या भारती की ओर से हाल ही में आयोजित क्षेत्रीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
इनमें रोहित कुमार, अनुष्का कुमारी, वर्षा कुमारी, अजीत कुमार और अनुराग पांडे शामिल हैं। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।इस अवसर पर प्राचार्य आनंद मोहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण है। भारतीय डाक विभाग की राखी निर्माण प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कला और संस्कृति के प्रति लगाव को प्रदर्शित किया है। वहीं, क्षेत्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कला और खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा करती हैं। उन्होंने सभी विजेता भैया-बहनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के अंत में डाक अधिकारी सुचिता कुमारी और अमन कुमार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की तथा प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदीजी उपस्थित थे।


