Giridih News: खरखरी में 1990 से हो रही मां दुर्गा की पूजा, संतान प्राप्ति की मनोकामना से कृष्ण लाल पांडेय ने की थी शुरुआत

खरखरी गांव में ग्रामीणों के सहयोग से बना मां दुर्गा का भव्य मंदिर।

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बरहमसिया-भरकट्टा मुख्य मार्ग स्थित खरखरी गांव में वर्ष 1990 से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। गांव में इस पूजा की शुरुआत कृष्ण लाल पांडेय ने संतान प्राप्ति की मनोकामना से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर की थी। आज ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से यहां पूजा-अर्चना के साथ भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। कलश स्थापना से लेकर मां दुर्गा की विदाई तक ग्रामीण पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहते हैं।

संतान प्राप्ति की मनोकामना से बनारस से पैदल लाए थे प्रतिमा

ग्रामीणों के अनुसार, कृष्ण लाल पांडेय को संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति की कामना लेकर उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया। बताया जाता है कि वह बनारस से मां दुर्गा की प्रतिमा अपने माथे पर रखकर करीब 400 किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अपने घर के समीप तिरपाल लगाकर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की और पूजा-अर्चना शुरू की।

कृष्ण लाल पांडेय ने अपनी मेहनत और ग्रामीणों के सहयोग से मां दुर्गा की पूजा के लिए दुर्गा मंडप का निर्माण कराया। अब उसी भव्य मंडप में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की जाती है।

कृष्ण लाल पांडेय ने बताया कि उन्होंने संतान प्राप्ति की मनोकामना से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की थी। उनके अनुसार, प्रतिमा स्थापित करने के बाद उनकी मनोकामना पूरी हुई। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह अकेले पूजा-अर्चना करते थे, लेकिन अब उनके पुत्र बबलू पांडेय और गणेश पांडेय सहित विकास शास्त्री पूजा की जिम्मेदारी संभालते हैं। ग्रामीणों के सहयोग से प्रत्येक वर्ष आयोजन संपन्न होता है।

तीन-चार साल बाद शुरू हुआ भव्य मेला

ग्रामीणों के मुताबिक, मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित होने के करीब तीन से चार साल बाद यहां भव्य मेले का आयोजन शुरू हुआ। अब मेले में दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। पूजा समिति की देखरेख में धार्मिक अनुष्ठान और मेले का आयोजन किया जाता है।

आयोजन को सफल बनाने में मुखिया अभय राय, कैलाश यादव, फुलेंद्र राय, वीरेंद्र शर्मा, राधेश्याम पंडित, कैलाश पांडेय, धीरज शर्मा समेत गांव के अन्य लोग तन-मन-धन से सहयोग करते हैं। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा खरखरी गांव में धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक बनी हुई है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More