कोडरमा में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता ने लगाई फांसी, दो माह का मासूम हुआ बेसहारा
_samridh_1200x720-(1)-1024x614.jpeg)
कोडरमा: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवादा में घरेलू विवाद के बाद 23 वर्षीय कौशल्या कुमारी (पति अजीत यादव) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतका कौशल्या कुमारी का अपने ससुराल पक्ष के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मानसिक तनाव और घरेलू कलह के कारण उसने सुबह अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद सब-इंस्पेक्टर Pratik Topno पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है।
मृतका का महज दो माह का एक पुत्र है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया है।
बताया जा रहा है कि कौशल्या कुमारी और अजीत यादव का विवाह 28 मई 2025 को हुआ था।
समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजनों की ओर से संबंधित थाने में कोई लिखित आवेदन या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले घटनास्थल पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


