Sahebganj News: सिस्टम फेल, समाजसेवी पास: टुनटुन ने अपने खर्चे से बना दी गांव की सड़क
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: सरकारी फाइलों में ‘सड़क’ महीनों से दौड़ रही थी, पर जमीन पर ग्रामीण कीचड़ में फंस रहे थे। जब जनता दरबार और विधायक से गुहार लगाने के बाद भी सड़क नहीं बनी, तो बोरियो प्रखंड के विशनपुर पंचायत स्थित छोटा वनगांवा के लोगों के लिए मसीहा बनकर आए समाजसेवी टुनटुन कुमार ठाकुर। ग्रामीण बताते हैं कि सड़क की बदहाली को लेकर कई महीने पहले जनता दरबार में आवेदन दिया गया। विधायक से भी मिले। हर बार सिर्फ ‘जल्द बन जाएगी’ का आश्वासन मिला। बरसात में बच्चे स्कूल नहीं जा पाते थे, मरीज को खाट पर लादकर ले जाना पड़ता था।
सड़क न बनते देख समाजसेवी टुनटुन कुमार ठाकुर ने प्रशासन का मुंह ताकना छोड़ दिया। उन्होंने अपने पैसे से 30 ट्रैक्टर मिट्टी और गर्दी डलवाकर सड़क बनवा दी। टुनटुन कुमार ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों ने जनता दरबार में कई बार आवेदन दिया। विधायक से भी गुहार लगाई। पर प्रशासनिक उपेक्षा के कारण सड़क नहीं बन पाई। रोज लोग परेशान हो रहे थे। इसलिए मैंने ठाना कि अपने ही पैसे से सड़क बनाऊंगा। अब लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी।
सड़क बनते ही छोटा वनगांवा में जश्न का माहौल है। ग्रामीण सुनील मुर्मू कहते हैं कि हम लोग हार गए थे। लगता था अब कभी पक्की सड़क नहीं देख पाएंगे। टुनटुन भैया ने देवता का काम किया है। अब हमारे बच्चे बिना कीचड़ में गिरे स्कूल जाएंगे। इस अवसर पर गांव में लड्डू बांटे गए।
सवाल उठता है कि जब महीनों बाद भी आवेदन पर कार्रवाई नहीं होती, तो जनता दरबार का मतलब क्या? क्या जनप्रतिनिधि सिर्फ वोट के समय ही गांव आते हैं? अगर सड़क, नाली, पुल भी लोग अपने पैसे से बनवाएं, तो सरकारी बजट कहां जाता है? ये खबर सिर्फ एक सड़क बनने की नहीं है। ये सिस्टम के फेल होने और समाज के पास होने की कहानी है। टुनटुन ठाकुर ने जहां इंसानियत की मिसाल पेश की, वहीं सरकारी तंत्र की पोल भी खोल खोल कर रख दी। रोशनी से नहाए सरकारी भवनों से कुछ किलोमीटर दूर, एक गांव आज भी अपने ‘टुनटुन’ के भरोसे है। सवाल ये है कि टैक्स जनता दे, वोट जनता दे, और सड़क भी जनता ही बनाए… तो सरकार क्या करे?


