Giridih News: बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ माले का आर-पार, 26 मई को महाजाम का ऐलान, जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

गिरिडीह के बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ भाकपा माले और असंगठित मजदूर मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना 8वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने 25 मई तक 5 छंटनीग्रस्त स्थानीय मजदूरों को काम पर वापस न लेने की स्थिति में 26 मई को ऐतिहासिक फैक्ट्री गेट जाम और 'जेल भरो आंदोलन' का ऐलान किया है। इस बीच, माले नेताओं ने गिरिडीह उपायुक्त से मुलाकात कर विधानसभा और श्रम मंत्रालय के निर्देशों के आलोक में फैक्ट्री में जारी अनियमितताओं, ओवरटाइम और स्थानीय नियोजन की जांच की मांग की है।

गिरिडीह: बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ माले और असंगठित मजदूर मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। आठ दिन से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के बीच 26 मई को फैक्ट्री गेट जाम का ऐलान कर दिया गया है। मोर्चा ने साफ चेतावनी दी है कि 25 मई तक 5 छंटनीग्रस्त मजदूरों को काम पर वापस नहीं लिया गया तो हजारों की संख्या में आंदोलनकारी जेल भरेंगे।  

गेट जाम में गरजेंगे दिग्गज  

26 मई के आंदोलन में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह और पूर्व विधायक राजकुमार यादव खुद मोर्चा संभालेंगे। यूनियन महासचिव निताय महतो भी मौजूद रहेंगे। पपरवाटांड़ जिला कार्यालय में हुई बैठक में रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।  

डीसी से गुहार, जांच की मांग  

माले नेता राजेश सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह उपायुक्त से मिलकर आवेदन सौंपा। मांग की गई कि विधानसभा में उठे सवाल, श्रम मंत्री संजय यादव के सदन में दिए जवाब और श्रम अधीक्षक की चिट्ठी के आधार पर तत्काल जांच हो। गिरिडीह SDO, मुफस्सिल थाना प्रभारी और श्रम अधीक्षक को पहले ही ज्ञापन दिया जा चुका है।  

‘ठेकेदार से कमीशन, 16 घंटे काम’ – नेताओं के आरोप  

अशोक पासवान, जिला सचिव माले: “8 दिन बाद भी प्रबंधन खामोश है। 25 तक 5 मजदूर वापस नहीं लिए तो 26 को ऐतिहासिक गेट जाम होगा। लोकल मजदूरों की गिनती और मानदेय की जांच कराओ।”  पूरन महतो, किसान नेता: “प्रबंधक ठिठ है। मजदूरों का खून चूसता है, खेत बर्बाद कर दिए। मुआवजा देना होगा।”  राजेश सिन्हा: “70% लोकल नहीं हैं। GST चोरी, बालू तस्करी, उसरी नदी का पानी चोरी जारी है। बोलने वाले पर फर्जी केस लाद दिया जाता है।”  कन्हाई पांडेय, केंद्रीय सचिव मोर्चा: “जबरन 15-16 घंटे काम लिया जाता है। इस प्रबंधक को बर्खास्त करो।”  

‘1000 आंदोलनकारी जेल भरने को तैयार’  

सकलदेव यादव, मुन्ना राणा, मुस्तकीम, नागेश्वर महतो ने हुंकार भरी कि 26 मई को 13 प्रखंडों से कार्यकर्ता गिरिडीह कूच करेंगे। “प्रशासन 1000 लोगों को जेल में डालने की तैयारी कर ले। हम अपना हक लेकर रहेंगे।”  

जून में मधुबन में होगी माले की महाजुटान  

जून के पहले सप्ताह में मधुबन पीरटांड़ में माले का जिला सम्मेलन होगा। 5000 से ज्यादा कैडर जुटेंगे। बीजेपी के खिलाफ मोर्चा और राज्य सरकार की नीतियों पर मंथन होगा। राज्य सचिव मनोज भक्त और पूर्व विधायक विनोद सिंह, राजकुमार यादव तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं।  बैठक में शेखर सुमन, मनूवर हसन बंटी, सलामत अंसारी, अजीत राय, अशोक मिस्त्री, मसूदन कोल सहित दर्जनों नेता शामिल रहे।  

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More