Sahebganj News: सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर एचपीवी टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम

साहिबगंज: किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण माला के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालझारी की टीम ने डिस्ट्रिक्ट सीएमएसओई +2 बीडी उच्च विद्यालय सकरीगली में एचपीवी टीकाकरण को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों के बीच एचपीवी वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और टीकाकरण के फायदे बताना था। स्कूल की छात्राओं के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि एचपीवी संक्रमण क्या है और इससे सर्वाइकल कैंसर का खतरा कैसे बढ़ता है। छात्राओं को बताया गया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा देने में बेहद अहम है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। इससे डरने की जरूरत नहीं है। कार्यक्रम में छात्राओं ने वैक्सीन की सुरक्षा, फायदे, टीकाकरण की प्रक्रिया और सावधानियों को लेकर कई सवाल पूछे।
स्वास्थ्य टीम ने सभी सवालों के सरल और वैज्ञानिक तरीके से जवाब दिए। टीम ने जोर देकर कहा कि टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है और यह भविष्य की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जरूरी कदम है। स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया कि वर्तमान चरण में उन किशोरियों को एचपीवी टीका दिया जाएगा जिनकी उम्र 14 साल पूरी हो चुकी है और 15 साल से कम है।
डॉ. किरण माला ने छात्राओं और शिक्षकों से अपील की कि वे इस टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करें। साथ ही अपने परिवार और आस-पड़ोस में भी एचपीवी टीके को लेकर जागरूकता फैलाएं। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, विद्यालय के शिक्षक, संबंधित कर्मी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के जरिए किशोरियों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक किया गया और सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए प्रेरित किया गया। उल्लेखनीय है कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं को होने वाली दूसरा सबसे आम कैंसर है।


