Dhanbad News: जनता दरबार में पहुंचे उपायुक्त, सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए लोगों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार में शौचालय निर्माण, प्रोविडेंट फंड एवं ग्रेच्युटी भुगतान, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, जमीन अतिक्रमण हटाने, तालाब सौंदर्यीकरण तथा गलत तरीके से बनाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को रोकने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा जमीन की प्रकृति एवं स्वरूप परिवर्तन तथा एगारकुंड प्रखंड के काली माटी पंचायत में तंबाकू फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण की शिकायत भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखी।
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद भी मौजूद थे।


