Hazaribagh News: उपायुक्त का जनता दरबार, डीसी हेमन्त सती ने सुनीं शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याएं

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में जमीन, अंत्योदय, म्यूटेशन, गैर मजूरवा जमीन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, जमीनी विवाद, आंबेडकर आवास उपलब्ध कराने, बैटरी युक्त साइकिल देने, राशन दुकान आवंटन, दहेज प्रताड़ना, उग्रवादी हिंसा से संबंधित मुआवजा एवं नौकरी देने, एनटीपीसी द्वारा अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा भुगतान, आंगनबाड़ी सेविका चयन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, सखी मंडल में अवैध निकासी, घरेलू हिंसा, आवास, विस्थापन, सीएनटी जमीन से संबंधित मामले, मईयां सम्मान योजना, एनएचआई से मुआवजा भुगतान कराने तथा सड़क जांच से संबंधित कई मामले मुख्य रूप से शामिल रहे।
उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त आवेदनों की समुचित जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


