गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत, सड़क जाम

गिरिडीह में सड़क हादसे के बाद जाम करते ग्रामीण
दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे दोनों, तड़के तीन बजे अधिकारियों के आश्वासन पर हटा जाम

गिरिडीह: गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दोस्त की जन्मदिन पार्टी मनाकर घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी सूरज तुरी, पिता प्रकाश तुरी और तुलसी दास, पिता स्वर्गीय गुरु दास के रूप में हुई है।

मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने मंगलवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन ने दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

मृतक सूरज तुरी के पिता प्रकाश तुरी ने बताया कि उनका बेटा दूसरे प्रदेश में काम करता था। कुछ महीने पहले उसकी शादी हुई थी, इसलिए फिलहाल उसे काम के लिए बाहर नहीं भेजा गया था। सोमवार को सूरज अपने दोस्त तुलसी दास के साथ एक अन्य दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मुख्य पथ जाम कर दिया। सूरज के पिता ने अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद सड़क से एक मंत्री का वाहन भी गुजरा, लेकिन वह नहीं रुका।

सड़क जाम की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतबाहन उरांव, अंचल अधिकारी (सीओ) जितेंद्र प्रसाद, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और मुआवजा दिलाने के साथ फरार वाहन को पकड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम हटाया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार वाहन की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More