झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन का महासंकल्प, हजारीबाग में JJA की नई प्रदेश समिति का शपथ ग्रहण संपन्न

हजारीबाग: पत्रकारों के हितों की रक्षा एवं संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन JJA के प्रदेश समिति सत्र 2026-2028 का पदभार ग्रहण सह शपथ ग्रहण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में नवगठित प्रदेश समिति ने पत्रकार हित से जुड़ी लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक विस्तार एवं मजबूती को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसमें JJA प्रदेश समिति सत्र 2026-2028 का औपचारिक गठन, जिला प्रभारियों की नियुक्ति तथा जिला कमेटियों के गठन के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति शामिल है। संगठन की ओर से सभी जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि संगठनात्मक एकजुटता और मजबूती बनी रहे।
इस अवसर पर JJA के स्थापनाकाल से अब तक के प्रदेश अध्यक्षों का भी उल्लेख किया गया, जिनमें संस्थापक अध्यक्ष शाहनवाज हसन, देवेंद्र सिंह, विष्णु शंकर उपाध्याय, अनुपम शशांक, संपूर्णा नंद भारती सहित नव मनोनीत अध्यक्ष का नाम शामिल है। संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि JJA हमेशा पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्षरत रहा है और आगे भी संगठन पत्रकार हित में मजबूती से अपनी भूमिका निभाता रहेगा।


