Bokaro News: सड़क हादसों पर यातायात डीएसपी गंभीर, नागेन मोड़ का लिया जायजा

बोकारो: आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर बोकारो के यातायात डीएसपी अजय कुमार गंभीर नजर आ रहे हैं। हाल ही में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद उन्होंने पिंड्राजोरा के नागेन मोड़ स्थित दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ यातायात इंस्पेक्टर, बोकारो आरईए और एनएचएआई की टीम मौजूद थी।
निरीक्षण के दौरान यातायात डीएसपी ने दुर्घटनाओं के संभावित कारणों पर चर्चा करते हुए दोपहिया वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसों की प्रमुख वजह बताया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने की बात कही।
डीएसपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाली सड़कों का लेवल समान करने, प्रवेश स्थल पर मोड़ की चौड़ाई बढ़ाने तथा लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर और सावधानी संबंधी संकेतक लगाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी सुधारों पर ध्यान देना आवश्यक है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात डीएसपी अजय कुमार ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
उन्होंने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा, मोड़ पर मुड़ते समय इंडिकेटर का उपयोग करने और जरूरत के अनुसार हॉर्न बजाकर अन्य वाहन चालकों को सतर्क करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता से दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल सकती है।


