Dhanbad News: चांदमारी खेल मैदान में मिले युवक के शव मामले का खुलासा, सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के चॉदमारी खेल मैदान में झाड़ियों से युवक का शव बरामद होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने धनसार थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को दी।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में महावीर नगर बरमसिया निवासी दीपक कुमार राम और भुदा निवासी शक्ति सिंह उर्फ विराट सिंह शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि 12 मई 2026 की सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि चॉदमारी खेल मैदान की झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शव के पास एक पल्सर मोटरसाइकिल भी गिरी हुई थी, जिसका नंबर जे एच 10 बी सी 9369 था। सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई गई।
मृतक के चाचा टुनटुन कुमार के फर्द बयान पर धनसार थाना में कांड संख्या 79/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने दीपक कुमार राम, शक्ति सिंह तथा अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या और शव छिपाने की नियत से मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
कांड के अनुसंधान के दौरान तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी दीपक कुमार राम को उसका भाई सूरज कुमार राम बिहार भगा ले गया है। इसके बाद धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो एसआईटी टीमों का गठन किया। एक टीम को आरोपी के ससुराल मुंगेर भेजा गया, जबकि दूसरी टीम को उसके पैतृक गांव फतुहा, पटना में छापेमारी के लिए रवाना किया गया।
पुलिस दबिश बढ़ने के बाद आरोपी दीपक कुमार राम ने 14 मई को धनबाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे दो दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर करमाटांड़ पुल के नीचे से खून लगा शर्ट बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में शक्ति सिंह के भी घटना में शामिल होने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन तथा आरोपी शक्ति सिंह का मोबाइल भी जब्त किया है। मामले की जांच धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णा चौधरी, संतोष कुमार महतो, प्रवीण सिंह चौधरी, महिला पुलिस अवर निरीक्षक ललिता कुमारी सोरेन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। घटना के खुलासे के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


