Dumka News: डिजिटल शोध की ओर कदम: SKMU में शिक्षकों ने सीखा SPSS सॉफ्टवेयर से डेटा विश्लेषण

दुमका: सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में आयोजित छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) के चौथे दिन प्रतिभागियों को शोध कार्य में उपयोग होने वाले सांख्यिकीय सॉफ्टवेयर एसपीएसएस के माध्यम से डेटा विश्लेषण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से शामिल शिक्षकों एवं शोधकर्ताओं ने शोध पद्धति, डेटा प्रबंधन तथा विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम “सामाजिक विज्ञान रिसर्च मेथडोलॉजी एंड राइटिंग स्किल फॉर यूनिवर्सिटी टीचर्स इन झारखंड” विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन झारखंड स्टेट फैकल्टी डेवलपमेंट अकादमी, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा किया जा रहा है, जबकि कार्यक्रम के नॉलेज पार्टनर के रूप में इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट सहयोग कर रहा है। कार्यक्रम के मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन डेवलपमेंट के वरिष्ठ शिक्षाविद एवं प्रोफेसर बलवंत सिंह मेहता उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को शोध कार्य में डेटा संग्रहण, कोडिंग, टेबल निर्माण, डेटा इंटरप्रिटेशन तथा एसपीएसएस सॉफ्टवेयर के विभिन्न टूल्स के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए आधुनिक तकनीकों एवं सांख्यिकीय उपकरणों की समझ अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में अन्य रिसोर्स पर्सन के रूप में संस्थान के ईस्टर्न रीजन के फैकल्टी अश्विनी कुमार तथा शोधार्थी आदर्श कमल भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रायोगिक अभ्यास कराते हुए विभिन्न प्रकार के शोध डेटा का विश्लेषण करने की प्रक्रिया समझाई। तकनीकी सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने कंप्यूटर आधारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा शोध लेखन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर विशेषज्ञों से चर्चा की।
एफडीपी के अंतर्गत आयोजित तकनीकी सत्र में प्रतिभागियों को शोध प्रस्ताव तैयार करने, रिसर्च पेपर लेखन, संदर्भ शैली (रेफरेंसिंग), डेटा प्रस्तुतीकरण तथा शोध की गुणवत्ता बढ़ाने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर शोध कार्य के लिए डेटा विश्लेषण एवं वैज्ञानिक लेखन कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस छह दिवसीय कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के लगभग 40 फैकल्टी सदस्य भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय शिक्षकों को आधुनिक शोध पद्धति, अकादमिक लेखन कौशल एवं डेटा विश्लेषण तकनीकों से अवगत कराना है, ताकि वे उच्च गुणवत्ता वाले शोध कार्य कर सकें तथा विद्यार्थियों को भी शोध के प्रति प्रेरित कर सकें।


