Koderma News: 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ भव्य समापन

कोडरमा: बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन गुरुवार को भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। शिविर में राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 650 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर एवं विशिष्ट अतिथि जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, प्रख्यात व्यवसायी उदय सोनी, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कोडरमा के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के डॉ. भूपेंद्र कुमार तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के व्याख्याता मनोज यादव उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि रमेश हर्षधर ने एनसीसी कैडेट्स को अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं नेतृत्व क्षमता का प्रतीक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए समय प्रबंधन के महत्व को समझाया।
45 झारखंड बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विजय कुमार सेना मेडल ने सभी अतिथियों को मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए एएनओ एवं सीसी अधिकारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने नागपुरी, राजस्थानी तथा बिहार-झारखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य एवं नाटक प्रस्तुत किए। कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंटेशन, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम की सफलता में सूबेदार मेजर जी. चौधरी, ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह, ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा एवं गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा सहित बटालियन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन अवसर पर शिविर के डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने सभी अधिकारियों, सूबेदारों, परमानेंट इंस्ट्रक्टर स्टाफ एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विजय कुमार सेना मेडल को “डायनेमिक कमांडिंग ऑफिसर” बताते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।


