Bokaro News: औद्योगिक शांति बनाए रखने की अपील, बीएसएल विस्तारीकरण से 20 हजार करोड़ के निवेश की उम्मीद

बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के निर्बाध संचालन, औद्योगिक शांति और शहर के विकास को लेकर सभी संगठनों एवं हितधारकों से सहयोग की अपील की गई है। संयंत्र को बोकारो स्टील सिटी और आसपास के क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा बताते हुए कहा गया है कि इसके संचालन में किसी भी तरह का व्यवधान रोजगार, स्थानीय व्यवसाय, निवेश और क्षेत्रीय विकास को प्रभावित कर सकता है।
भारत सरकार के स्वामित्व वाली स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की प्रमुख इकाई बोकारो स्टील प्लांट प्रत्यक्ष रूप से 20 हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग अप्रत्यक्ष रूप से भी इससे जुड़े हैं। संयंत्र की स्थिरता का असर क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, छोटे व्यवसायों और सामाजिक व्यवस्थाओं पर भी पड़ता है। यहां उत्पादित इस्पात का उपयोग देश की प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं के साथ भारतीय नौसेना के युद्धपोतों में भी होता है।
पूर्व में हुए अवरोधों से प्रभावित हुआ था विकास
अपील में कहा गया है कि पूर्व में हुए अवरोधों और हिंसक विरोध के कारण उत्पादन, वित्तीय प्रदर्शन और विस्तार योजनाएं प्रभावित हुई थीं। ऐसी घटनाओं से औद्योगिक विकास की गति धीमी पड़ती है और निवेशकों का भरोसा बहाल करने में समय लगता है। ऐसे में जब बोकारो में परिस्थितियां सामान्य हो रही हैं और विकास की गति फिर से पटरी पर लौट रही है, तब औद्योगिक एवं सामाजिक वातावरण को स्थिर बनाए रखना जरूरी है।
अपील में यह भी कहा गया है कि संयंत्र के संचालन में बाधा का प्रभाव केवल प्रबंधन या कंपनी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे स्थानीय लोगों, झारखंड के औद्योगिक विकास और प्रदेश में निवेश के माहौल पर भी असर पड़ सकता है।
अप्रेंटिसों के नियोजन की प्रक्रिया जारी
विस्थापितों और स्थानीय युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर बताया गया है कि उपलब्ध अप्रेंटिसों को संवेदकों के माध्यम से संयंत्र के कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर नियोजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई है। उपलब्ध 950 अप्रेंटिसों की सूची में से 3 अक्टूबर तक 204 युवाओं को कुशल कामगार के रूप में संविदा पर नियोजित किया जा चुका है। वहीं, 50 से अधिक अन्य युवा सुरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद संविदा नियोजन की प्रक्रिया में हैं।
इसके अतिरिक्त, बीएसएल के विस्तारीकरण और अन्य परियोजनाओं में आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कुल मैनपावर का 10 प्रतिशत विस्थापितों के लिए आरक्षित किए जाने की जानकारी दी गई है।
20 हजार करोड़ रुपये के निवेश से खुलेंगे अवसरों के नए द्वार
बोकारो स्टील प्लांट के विस्तारीकरण के लिए लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की योजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। विस्तारीकरण से संबंधित कई टेंडर जारी हो चुके हैं, जबकि कई अन्य टेंडर जारी होने वाले हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ रोजगार और आधारभूत संरचना के विकास की उम्मीद है।
इस निवेश से विस्थापित युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर सृजित हो सकते हैं। अप्रेंटिस प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को भी संयंत्र से जुड़े कार्यों में नियोजन के अवसर मिलने की संभावना है। विस्तारीकरण के साथ विस्थापितों के कल्याण से संबंधित अन्य पहलों में भी वृद्धि की उम्मीद जताई गई है।
संवाद से समाधान पर जोर
अपील में कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण और रचनात्मक विरोध सभी का अधिकार है। हालांकि, विरोध का स्वरूप ऐसा होना चाहिए जिससे औद्योगिक गतिविधियां, निवेश और रोजगार प्रभावित न हों। समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संवाद, सहयोग और आपसी समझ को जरूरी बताया गया है।
संयंत्र प्रबंधन की ओर से विस्थापित समूहों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि जिला प्रशासन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता और अप्रेंटिस संघ के साथ सीधी बातचीत में किए गए वादों के प्रति प्रबंधन गंभीर और प्रतिबद्ध है।
संयंत्र की सुरक्षा से जुड़ा है व्यापक जनहित
बोकारो स्टील प्लांट को तकनीकी रूप से संवेदनशील संयंत्र बताते हुए गैस पाइपलाइनों की सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, इन संवेदनशील व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए तीनों पालियों में कर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं। गेट जाम या किसी अन्य कारण से परिचालन बाधित होने पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इससे संयंत्र के साथ आसपास के व्यापक जनसमुदाय की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
औद्योगिक शांति और विकास के लिए सहयोग की अपील
अंत में सभी संगठनों, विस्थापित समूहों, युवाओं और अन्य हितधारकों से संयंत्र का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने तथा शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है। अपील में कहा गया है कि बोकारो स्टील प्लांट की प्रगति शहर की समृद्धि, रोजगार और खुशहाली से जुड़ी है। इसलिए संवाद, सहयोग और आपसी सद्भाव के माध्यम से बोकारो के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने की जरूरत है।


