Giridih News: “दिल्ली तक लड़ी जाएगी लड़ाई”: जिला अध्यक्ष राजेश बंसल की आपूर्ति महकमे को सीधी चेतावनी, कार्यशैली सुधारें

गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड सभागार में फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन की बैठक में आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा गया। जिला अध्यक्ष राजेश कुमार बंसल ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी निर्देशानुसार 10 तारीख तक अनाज उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा उग्र आंदोलन होगा। बैठक में राशन वितरण में देरी, ऑपरेटरों की दलाली और अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी जैसे गंभीर मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

गिरिडीह: “राशन वितरण से पहले अनाज गोदाम में होना चाहिए, लेकिन यहां महीने के अंत में 28 तारीख को खाद्यान्न पहुंचता है। यह शोषण नहीं तो और क्या है?” जमुआ प्रखंड सभागार में मंगलवार को आयोजित फेयर प्राइस डीलरों की बैठक में आपूर्ति विभाग के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। गिरिडीह जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार बंसल ने दो टूक कहा – “आपूर्ति महकमा कार्यशैली सुधारे, वर्ना यह लड़ाई दिल्ली तक लड़ी जाएगी।”  

बैठक में क्यों गरमाया माहौल  

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने की, संचालन नन्दलाल पांडे ने किया।  कुछ डीलरों ने आरोप लगाया कि रोस्टर तोड़कर मनमाने तरीके से राशन भेजा जा रहा है। पूर्वी क्षेत्र में राशन भेजा जाना चर्चा का विषय रहा।इस पर माहौल गर्म हो गया। जिला अध्यक्ष बंसल ने कहा कि हर माह रोस्टर चेंज किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।  

डीलरों ने खोला ‘शोषण का चिट्ठा’  

1. समय पर राशन नहीं: झारखंड सरकार का निर्देश 10 तारीख तक राशन पहुंचाने का है, लेकिन जमुआ में 28 तारीख तक अनाज दिया जाता है।  
2. सिर्फ नमक की सप्लाई: इस महीने एक सप्ताह तक डीलरों को सिर्फ नमक भेजा गया  
3. अफसरों में तालमेल नहीं: प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एजीएम, डीएसडी और ऑपरेटर के बीच कोई समन्वय नहीं।  
4. स्पष्टीकरण के नाम पर खेल: कुछ दुकानदारों को स्पष्टीकरण भेजकर ‘मुद्रा मोचन’ यानी वसूली की गई।  
5. ऑपरेटरों की दलाली: पूर्व के ऑपरेटर अभी भी दलाली में लिप्त हैं।  

जिला अध्यक्ष की 3 बड़ी चेतावनी  

1. 10 तारीख डेडलाइन: “हर माह 10 तारीख तक पूर्ण रूप से खाद्यान्न डीलरों को मिलना चाहिए। 20 तारीख का आश्वासन मंजूर नहीं।”  
2. डीएसडी पर रोक: “बिना खाद्यान्न भेजे डीएसडी करना अनुचित और गैरकानूनी है।”  
3. दलाली बंद करो: “ऑपरेटर दलाली का काम बंद करें। समय पर अनाज मिले, वर्ना डीलर संघ शोषण बर्दाश्त नहीं करेगा।”  

आपूर्ति महकमा का पक्ष  

बैठक में मौजूद आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने डीलरों को आश्वासन दिया कि अब हर माह 20 तारीख तक सभी डीलरों को खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया जाएगा। लेकिन जिला अध्यक्ष बंसल ने इसे नाकाफी बताया और सरकारी निर्देश के अनुसार 10 तारीख तक आपूर्ति पर अड़े रहे।  

कौन-कौन रहे मौजूद  

बैठक में संरक्षक निजामुद्दीन, मोहन दास, रजाक अंसारी, कोदन मंडल, चेतलाल राम, अनिल विद्यार्थी, मोहम्मद रजाक अंसारी, अर्जुन सिंह, आनंद कुमार पासवान, करिश्मा देवी, मोहम्मद तसलीम, किरण वर्मा, अर्जुन राम गुप्ता समेत सैकड़ों डीलर शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।  

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More