Koderma News: पत्रकारों पर हमले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई के लिए राज्यपाल को सौंपा मांगपत्र

कोडरमा: भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) की झारखण्ड राज्य इकाई झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन(JJA) के प्रतिनिधिमंडल ने झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर उन्हें मांगपत्र सौंपकर कहा है कि हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के समर्थकों द्वारा पत्रकारों (सुशांत सोनी और आशीष साव) पर हमले की घटना से देशभर के पत्रकारों में रोष है। मंत्री एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष पत्रकार के सवाल पूछे जाने पर उन्हें बुरी तरह से पीटा जाता है। पूरी घटना से झारखण्ड के पत्रकार स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
महामहिम से निवेदन है कि लोकतन्त्र के चौथे स्तम्भ की रक्षा को सुनिश्चित की जाये। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये, ताकि राज्यभर के पत्रकार भयमुक्त होकर अपने कर्तव्य का निर्वाह कर सकें।पत्रकारों के द्वारा पांच सूत्री सौंपे मांगपता में शामिल है, स्वास्थ मंत्री के समर्थकों की संलिप्तता की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाये एवं पूरे घटना की निष्पक्ष जांच की जाये।पत्रकार को निशाना बना कर हमला किया जाना लोकतंत्र पर हमला है।
संवैधानिक पद पर आसन्न मंत्री की जवाबदेही तय करते हुए उन्हें तत्काल पदमुक्त किया जाये। लातेहार के पत्रकार सुरेन्द्र गुप्ता के विरुद्ध कोयला खनन से जुड़ीं खबरें प्रकाशित करने पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं। इन मुकदमों की निष्पक्ष जांच करायी जाये एवं जांच होने तक पीड़ादायक कार्रवाई पर रोक लगायी जाये। साहिबगंज उपायुक्त द्वारा जिला समाहरणालय में मीडिया (खोजी पत्रकारों) की एंट्री पर रोक लगा रखी गयी है, इस तुगलकी फरमान को तत्काल निरस्त किया जाये।
झारखण्ड सरकार द्वारा बजट में पत्रकारों के लिए जिन सुविधाओं (पत्रकार स्वास्थ बीमा एवं पत्रकार पेंशन योजना) की घोषणा की गयी है, उसे अविलम्ब लागू किया जाये। झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात करने वालों में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ एवं झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संस्थापक शाहनवाज हसन, स्वामी दिव्यज्ञान, पंकज कुमार सिंह एवं आकाश कुमार सोनी शामिल थे।


