Ranchi News: शिवा फाउंडेशन ने बिरसा उच्च विद्यालय में चलाया “पक्षी बचाओ अभियान”

रांची: भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आज” शिवा फाउंडेशन” के द्वारा कांके स्थित बिरसा उच्च विद्यालय में ‘पक्षी बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया।
इस अभियान को लेकर विद्यालय परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत 200 से अधिक बालक-बालिकाओं के बीच मिट्टी के सिकोरे (पानी के पात्र) का वितरण किया गया। सभी बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार वे अपने अपने घरों की छतों, आंगन और बालकनी में इन सिकोरे में पानी भरकर पक्षियों की प्यास बुझा सकते हैं।
सिकोरे पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने इसे एक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की बात कही।
अभियान के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी गई।
फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका ने कहा कि “पक्षी हमारे पर्यावरण का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी उपस्थिति से ही प्रकृति का संतुलन बना रहता है। यदि हम आज उनकी रक्षा के लिए आगे नहीं आए, तो आने वाले समय में इसका असर पूरे पर्यावरण पर पड़ेगा।”
विद्यालय की प्राचार्या सुषमा तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।
शिवा फाउंडेशन के सदस्य अमित कुमार ने कहा कि “इस भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना हम सभी का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति अपने घर के बाहर एक सिकोरा रख दे, तो हजारों पक्षियों की जान बचाई जा सकती है।”
इस अवसर पर परना कच्छप, सुभाष मिश्रा, राजेश कुमार सिन्हा, मतलु कच्छप, सुखराम हंस सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सैकड़ों विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
यह अभियान न केवल पक्षियों को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम भी बन रहा है।


