Koderma News: ध्यान से पॉजिटिव एनर्जी मिलती है, ध्यान से हृदय रोगों से होता है बचाव

कोडरमा: समाधिस्थ जैन संत परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज से दीक्षित एवं परम पूज्य आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती शिष्य मुनि श्री 108 धर्म सागर जी महाराज, मुनि श्री 108 भाव सागर जी महाराज के सान्निध्य में 5 मई 2026 को प्रातः काल की बेला में श्री दिगंबर जैन नया मंदिर झुमरी तिलैया में श्री जी का बृहद अभिषेक, शांतिधारा गुरु भक्तों के द्वारा की गई इसके बाद विशेष मांगलिक क्रियाएं,श्री जी की पूजन आदि कार्य संपन्न हुई।
इस अवसर पर धर्म सभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री 108 भावसागर जी महाराज ने कहा कि, ध्यान के माध्यम से पॉजिटिव एनर्जी मिलती है 5 करोड़ 68 लाख 99584 प्रकार के रोग ठीक होते हैं, दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रक्रिया है ध्यान है इसके माध्यम से तन, मन, वचन जीवन आत्मा स्वस्थ्य हो जाती है।
आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी ध्यान के लाभ मानता है। नियमित ध्यान से शरीर पर सकारात्मक प्रभाव दिखते हैं, एम्स और हार्वर्ड के शोध बताते हैं कि रोज 15 मिनट ध्यान करने से कोर्टिसोल हार्मोन घटता है, जिससे तनाव और चिंता कम होती है। ध्यान से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और हृदय गति सामान्य होती है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन भी ध्यान को हृदय रोगों से बचाव में सहायक मानता है। अनिद्रा के रोगियों पर हुए अध्ययनों में पाया गया कि माइंडफुलनेस ध्यान से नींद की गुणवत्ता 60% तक सुधरती है। ध्यान से शरीर में टी-सेल्स बढ़ती हैं, जिससे इम्युनिटी मजबूत होती है।
नियमित अभ्यास से दिमाग का प्री-फ्रंटल कॉर्टेक्स सक्रिय होता है, जिससे फोकस और याददाश्त बढ़ती है। ध्यान से ब्रेन में सेरोटोनिन और डोपामाइन बढ़ते हैं, जो खुशी देते हैं। इस तरह अध्यात्म और स्वास्थ्य एक दूसरे के पूरक हैं। ध्यान स्वस्थ जीवन की कुंजी भी है। सुबह 10-20 मिनट मौन से बैठें, श्वास देखें । जब मन भीतर शांत होगा, तभी तन भी स्वस्थ रहेगा।
इस अवसर पर गुरुदेव के हाथों में महिला वर्ग एवं पुरुष वर्ग ने शास्त्र अर्पण ओर पाद प्रक्षालन का सौभाग्य प्राप्त किया।


