कोडरमा NCC कैंप में कैडेट्स का जोश हाई, 26 जनवरी परेड की तैयारी तेज

कोडरमा के राजकीय पॉलिटेक्निक, बागीटांड में 45 झारखंड बटालियन NCC द्वारा 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।

कोडरमा: बागीटाड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक, कोडरमा के प्रांगण में ग्रुप हेडक्वार्टर हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के नेतृत्व में चल रहे 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से आए एनसीसी कैडेट्स उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

शिविर की शुरुआत प्रतिदिन सुबह वार्म-अप, स्ट्रेचिंग एवं ड्रिल से होती है। इसके पश्चात कैडेट्स को टेंट पिचिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट एवं फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें वे आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरपूर नजर आ रहे हैं।

शिविर के अंतर्गत आयोजित इंटर ग्रुप बैनर प्रतियोगिता के तहत कैडेट्स को कठिन अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि वे आगामी 26 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने हेतु तैयार हो सकें। इसके लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

आज के प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण डिजास्टर मैनेजमेंट सत्र रहा, जिसमें फायर ब्रिगेड के अधिकारी हवलदार मेजर रामचंद्र महतो एवं हवलदार मेजर मोहम्मद शहजाद अंसारी ने कैडेट्स को फायर एक्सटिंग्विशर एवं पानी के होज के सही उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने आग लगने की स्थिति में संयम, सतर्कता एवं सुरक्षा तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फायर फाइटिंग कौशल केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

इसके साथ ही कोडरमा सदर अस्पताल के डॉ. मधुकर ने कैडेट्स को प्राथमिक उपचार (First Aid) से संबंधित विस्तृत जानकारी दी, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके। कार्यक्रम के अंत में बटालियन के सूबेदार मेजर जी. के चौधरी एवं ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह द्वारा फायर ब्रिगेड अधिकारियों एवं डॉ. मधुकर को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

शिविर के सफल संचालन में डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, जीसीआई शिवानी शर्मा, सेकंड ऑफिसर सत्यानंद, सेकंड ऑफिसर अनिल कुमार सहित बटालियन के अन्य स्टाफ—प्रधान सहायक राजेश कुमार, रणधीर कुमार, सिद्धार्थ कुमार, दिग्विजय कुमार, एलडीसी सोहित कुमार सिंह,  सूबेदार चंद्रहास, सूबेदार चंपा मुरमू, एस.एन. हेंब्रम, जतरू तिर्की, ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा एवं हवलदार दीपक कुमार—का सराहनीय योगदान रहा।

यह शिविर कैडेट्स के नेतृत्व कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं आपदा प्रबंधन क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More