Sahebganj News: दुर्गा टोला में आनंद मार्ग प्रचारक संघ ने बांटा भोजन,  कहा: “मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा”

साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड स्थित दुर्गा टोला में आनंद मार्ग प्रचारक संघ द्वारा भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

साहिबगंज: आनंद मार्ग प्रचारक संघ के तत्वावधान में रविवार को बोरियो प्रखंड के घोघी ग्राम पंचायत अंतर्गत दुर्गा टोला में आदिवासी ग्रामीणों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं अवधूतिका विष्णुमाया आचार्या ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के बीच रोजमर्रा की आवश्यक चीजों की पूर्ति करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।

मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। संस्था के जिला कार्यालय एवं वित्त विभाग प्रभारी प्रभाकर देव ने कहा कि आज विश्व में फैली अव्यवस्था का समाधान सिर्फ निःस्वार्थ मानव सेवा से ही संभव है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना हमारा कर्तव्य है।

जिला आश्रम प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि संस्था में लोगों द्वारा दिया जाने वाला चंदा सीधे जनकल्याण के कार्यों में लगाया जाता है। सहयोगी सुनीता कुमारी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाकर ही हम नए युग की कल्पना कर सकते हैं। भुक्ति प्रधान आशुतोष रंजन ने कहा कि विश्व शांति के लिए मानव जाति को एक होना पड़ेगा। ऊंच-नीच का भेदभाव समाप्त करके ही हम विश्व गुरु बनने की कल्पना को साकार कर सकते हैं।

ज्ञात हो कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण दुर्गा टोला पहुंचना अत्यंत कष्टकारी है। यहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है और आदिवासी लोगों के लिए रोजमर्रा का सामान जुटाना बड़ी चुनौती है।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए संस्था ने यहां सेवा कार्य को प्राथमिकता दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपा देवी, तेजस्विनी देव, सुभाषी देव, छोटी देव, सुब्रत देव एवं जयश्नु देव सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। उल्लेखनीय है कि आनंद मार्ग प्रचारक संघ साहिबगंज जिला में लगातार मानव कल्याण के लिए विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More