Koderma News: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जेएसएलपीएस और यूनिसेफ ने चलाया जागरूकता अभियान

कोडरमा: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पलाश-झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की जिला टीम ने यूनिसेफ झारखंड के तकनीकी सहयोग से जिले की विभिन्न पंचायतों और संकुल स्तरीय संगठनों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान का उद्देश्य किशोर-किशोरियों और महिलाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, तनाव व अवसाद पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करना तथा इससे जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करना था।
इस दौरान सखी मंडल की महिलाओं, किशोर-किशोरियों और ग्रामीणों के बीच संवाद, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता मार्च जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यशालाओं में मानसिक तनाव, अवसाद और भावनात्मक खुशहाली पर चर्चा करते हुए मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण बताया गया।
किशोर- किशोरियों के लिए आयोजित विशेष सत्रों में परीक्षा के तनाव, मोबाइल की लत और किशोरावस्था में होने वाले व्यवहारिक बदलावों से निपटने के उपाय बताए गए। वहीं, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मानसिक समस्याओं को लेकर प्रचलित अंधविश्वास और रूढ़िवादी धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया गया। लोगों को बताया गया कि मानसिक परेशानियों की स्थिति में उचित परामर्श और जरूरत के अनुसार उपचार लेना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को हरा रिबन पहनाकर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनावग्रस्त लोगों का साथ देने और उनकी बात संवेदनशीलता से सुनने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों को सहयोग देने का संकल्प भी लिया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
ग्रामीणों को राष्ट्रीय टेली-मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के टोल-फ्री नंबर 14416 और 1800-891-4416 की जानकारी दी गई। इन नंबरों के माध्यम से मानसिक तनाव और अन्य मानसिक परेशानियों के लिए निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 और बच्चों की सहायता के लिए 1098 के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रकाश रंजन ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य जीवन का अभिन्न हिस्सा है। जेएसएलपीएस और यूनिसेफ झारखंड का संयुक्त प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सखी मंडल की महिलाएं इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में अहम योगदान दे रही हैं। अभियान में स्वयं सहायता समूहों की हजारों महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा जेएसएलपीएस की प्रखंड और जिला स्तरीय टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


