Giridih News: शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर जमुआ चौक पर चलाया गया विशेष महा स्वच्छता अभियान

जमुआ चौक पर झाड़ू लगाकर श्रमदान करते बीडीओ अमल जी व जनप्रतिनिधि।

गिरिडीह: शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर जमुआ चौक को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल पर चलाए गए इस महाअभियान में अधिकारियों से लेकर आम दुकानदारों तक ने श्रमदान किया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना था, ताकि श्रद्धालु साफ-सुथरे माहौल में खरीदारी कर सकें और स्वच्छता का संदेश पूरे क्षेत्र में जाए। सुबह से ही चौक के मुख्य मार्गों, नालियों और दुकानों के आसपास फैले कचरे की सफाई की गई। जेसीबी और सफाई कर्मियों की मदद से कचरे का उठाव भी किया गया।

इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव, बीस सूत्री अध्यक्ष मोहम्मद जुनेद आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल जी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता, गिरधारी महतो, उत्तम कुमार, प्रखंड स्वच्छता समन्वयक अमित प्रसाद वर्मा, नेचुरल लीडर चंदन कुमार, हरला मुखिया प्रतिनिधि उमेश यादव, राजेन्द्र राय,विश्वनाथ सिंह, ललन यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और जनता एक साथ आते हैं तो बड़ा बदलाव संभव है। अंत में सभी ने ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के मंत्र के साथ दुर्गा पूजा तक ही नहीं, बल्कि हमेशा अपने आसपास सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More