गिरिडीह में चला बुलडोजर! वन विभाग ने 10 डिसमिल जमीन कराई मुक्त

गिरिडीह: वन प्रमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के निर्देशानुसार वन क्षेत्र पदाधिकारी एस. के. रवि के नेतृत्व में गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत शादीगवारों एवं चेपो सरकारी वन (थाना गिरिडीह मुफ्फसिल) में अवैध रूप से किए जा रहे अतिक्रमण को हटाया गया।
इस दौरान लगभग 10 डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वन क्षेत्र पदाधिकारी ने बताया कि वनभूमि में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण दंडनीय अपराध है। भोले-भाले ग्रामीण किसी भू-माफिया या बिचौलियों के झांसे में आकर, या स्वयं, वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
उन्होंने कहा कि विभाग एवं सरकार वनों पर आश्रित लोगों के प्रति संवेदनशील है। ऐसे सभी ग्रामीण, जो कम से कम तीन पीढ़ियों से आजीविका के लिए वनों पर निर्भर हैं, वे सरकार के वनाधिकार अधिनियम के तहत वन पट्टा प्राप्त कर अपना गुजर-बसर कर सकते हैं।
इस कार्रवाई में गिरिडीह एवं पारसनाथ वन क्षेत्र के वनकर्मी उपस्थित रहे।


