Koderma News: संस्कारों की खुशबू और वैदिक मंत्रोच्चार: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नए सत्र का ‘मंगल’ आगाज़

कोडरमा: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र (2026-27) का आगाज भारतीय परंपरा और संस्कारों के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन किया गया और सभी विद्यार्थियों के ललाट पर तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने नए छात्रों के साथ हवन में आहुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक बनने का अर्थ अपनी जड़ों को भूलना नहीं है। हम तभी प्रगति कर सकते हैं जब हम अपने संस्कारों और मूल्यों को साथ लेकर चलें। प्राचार्य ने बच्चों को अच्छे स्वास्थ्य, उत्तम आचरण और अनुशासन की सीख दी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने छात्रों को खेलकूद व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की निदेशिका संगीता शर्मा ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को नए सत्र की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पिछले सत्र की सफल समाप्ति पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि नए सत्र में हम और भी अधिक ऊर्जा और मेहनत के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संकल्प दोहराया कि मॉडर्न पब्लिक स्कूल, कोडरमा को राज्य ही नहीं बल्कि देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों की श्रेणी में लाने के लिए प्रबंधन सदैव तत्पर रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों ने सराहनीय भूमिका निभाई। हवन के पश्चात प्रसाद वितरण के साथ शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई।


