Bokaro News: स्टील प्लांट का नया शिखर: SMS-II विभाग ने मार्च में 3.45 लाख टन उत्पादन का तोड़ा रिकॉर्ड

बोकारो: इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-II एवं सीसीएस विभाग ने मार्च 2026 में 3,45,608 टन क्रूड स्टील का उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मार्च माह के लिए निर्धारित 3,45,000 टन के लक्ष्य को पार करते हुए विभाग ने अपनी स्थापना के बाद से अब तक का सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया है। यह उपलब्धि विभाग की परिचालन दक्षता और कार्मिकों के उत्कृष्ट तालमेल का परिणाम है।उत्पादन के इस ऐतिहासिक शिखर तक पहुँचने के क्रम में विभाग ने कई अन्य श्रेणियों में भी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त किए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 62 दिन ऐसे रहे जब प्रतिदिन 40 से अधिक हीट का उत्पादन किया गया, जो विभाग के इतिहास में एक नया कीर्तिमान है।
इसके अतिरिक्त, वर्तमान वित्त वर्ष की चौथी तिमाही (Q4) में 9,74,129 टन का उत्पादन किसी भी वित्त वर्ष की तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मार्च 2026 के दौरान विभाग ने 16.7 हीट की सबसे लंबी औसत सीक्वेंस लंबाई और प्रतिदिन 39.4 हीट का औसत बनाए रखते हुए कुल 1221 हीट तैयार किए, जो विभाग की उच्च उत्पादन क्षमता को प्रमाणित करता है।परिचालन और सुरक्षा सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी विभाग ने कई महत्वपूर्ण आंतरिक पहल की हैं। सी3-सी5 कन्वेयर बेल्ट के बीच स्क्रीन को आंतरिक संसाधनों के माध्यम से सफलतापूर्वक क्रियाशील बनाया गया है, जिससे अब स्क्रीन किए गए चूने को पुन उपयोग हेतु सिन्टर प्लांट भेजा जा रहा है।
इसके साथ ही, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सीसीएस के क्रेन संख्या-4 में ‘स्टॉप लोगो प्रोजेक्टर’ लाइट, टिमिंग एवं मिक्सर क्रेनों में ‘एवी अलार्म’ तथा चार्जिंग क्रेन-2 में ‘न्यूट्रल पोजीशन इंडिकेटर’ स्थापित किए गए हैं।यह शानदार उपलब्धि स्टील मेल्टिंग शॉप-II एवं सीसीएस टीम की तकनीकी दक्षता और नवाचार के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस प्रकार का रिकॉर्ड उत्पादन न केवल संयंत्र की कुल उत्पादकता में महत्वपूर्ण योगदान देता है, बल्कि यह बोकारो इस्पात संयंत्र की संचालनात्मक उत्कृष्टता और भविष्य के चुनौतीपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में संगठन के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाता है।


