Sahebganj News: पानी की टंकी खड़ी लेकिन पानी गायब, प्यास से तड़प रही गरीब जनता

बरहरवा: सरकार की महत्वाकांक्षी सोलर आधारित लघु ग्रामीण जलापूर्ति योजना जमीनी स्तर पर दम तोड़ती नजर आ रही है। बरहरवा प्रखंड अंतर्गत बड़ा सोनाकड़ पंचायत के भौंरा बांध गांव में हालात बेहद चिंताजनक हैं। यहां 10-12 सोलर पानी टंकियां लगाई गईं, लेकिन विडंबना यह है कि ग्रामीण आज भी पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर योजनाएं केवल कागजों में सफल दिखाई गई, जबकि हकीकत में यह पूरी तरह फेल साबित हुई। जानकारी के अनुसार, वार्ड सदस्य विनय मुर्मू के घर के पास स्थापित सोलर पानी टंकी में मोटर ही नहीं लगाया गया है। महज टंकी खड़ी कर खानापूर्ति कर दी गई।
वहीं, आंगनबाड़ी सेविका सकीना बीबी के घर के पास एक सोलर जल योजना अधूरी पड़ी है। वहां सिर्फ नींव खोदकर लोहे की छड़ लगा दी गई और काम बीच में ही छोड़ दिया गया। उज्जेला बीबी के घर के पास लगी सोलर टंकी भी बंद पड़ी है, जिससे एक भी परिवार को पानी नहीं मिल रहा। गांव के गरीब और आम लोग आज भी पीने के पानी के लिए परेशान हैं। एक ओर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर योजनाओं का ढोल पीट रही है, तो दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है।
सवाल उठाता है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब नींद से जागेंगे? क्या गरीबों का हक इसी तरह अधूरा और उपेक्षित रह जाएगा? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी खराब और अधूरी सोलर जल योजनाओं को दुरुस्त कर चालू किया जाए, ताकि उन्हें मूलभूत सुविधा पीने का पानी मिल सके।


