रोमांच प्रेमियों के लिए खुशखबरी, झारखंड में शुरू हुआ स्काई डाइविंग फेस्ट

दुमका में स्काई डाइविंग फेस्टिवल का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रतिभागियों को 10 हजार फीट की ऊंचाई से रोमांचक अनुभव मिल रहा है। यह आयोजन पर्यटन विभाग और स्काई हाई इंडिया के सहयोग से 1 से 6 अप्रैल तक किया जा रहा है।

बोकारो: झारखंड में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान देने की दिशा में पर्यटन विभाग ने स्काई हाई इंडिया के सहयोग से दुमका में स्काई डाइविंग फेस्टिवल का आयोजन किया है। यह आयोजन 1 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा और इसमें देशभर से पर्यटक व रोमांच प्रेमी हिस्सा ले रहे हैं।

फेस्टिवल के दौरान प्रतिभागियों को करीब 10 हजार  फीट की ऊंचाई से प्रोफेशनल प्रशिक्षकों के साथ स्काई डाइविंग का अवसर मिल रहा है। खुले आसमान में उड़ान भरते हुए झारखंड की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता का नजारा इस अनुभव को और भी खास बना देता है। सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए यह गतिविधि संचालित की जा रही है। पिछले वर्ष भी आयोजित इस फेस्टिवल को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी, जिसके बाद इस बार इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया गया है।

इस पहल का उद्देश्य राज्य को वन स्टेट, मेनी एडवेंचर्स की अवधारणा के तहत एक प्रमुख एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है। राज्य सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की पहचान भी मजबूत होगी। पर्यटन विभाग द्वारा इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अनूठे अनुभव का हिस्सा बन सकें।

इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी बुकिंग कर सकते हैं। दुमका में आयोजित यह स्काई डाइविंग फेस्टिवल रोमांच, साहस और प्रकृति का अद्भुत संगम बनकर उभर रहा है, जो हर उस व्यक्ति को आकर्षित कर रहा है जो अपने जीवन में कुछ अलग और यादगार अनुभव करना चाहता है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More