Ranchi News: 50 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी, अब रिमांड पर पूछताछ

रांची रेल मंडल में सामने आए रिश्वत कांड की जांच तेज हो गई है। Central Bureau of Investigation ने रेलवे अधिकारी हिमांशु शेखर को तीन दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है। उसे ठेकेदार से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था।

रांची: रांची रेल मंडल में सामने आए रिश्वत कांड की जांच तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रेलवे के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विशेष सीबीआई अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे तीन दिनों के रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया था।

न्यायालय के निर्देश के अनुसार, सीबीआई की टीम सोमवार को हिमांशु शेखर को बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल से अपने कार्यालय लेकर आई, जहां उससे गहन पूछताछ जारी है। सीबीआई ने उसे 25 मार्च की शाम ठेकेदार अजय त्यागी से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की। इसी क्रम में तत्कालीन सीनियर मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक (डीसीएम) शुचि सिंह से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन जांच के लिए उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जिसकी जांच जारी है।

सीबीआई ने 26 मार्च को आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की थी। अदालत ने सुनवाई के लिए 28 मार्च की तारीख तय की और तब तक उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में 28 मार्च को हुई सुनवाई में अदालत ने तीन दिनों की रिमांड मंजूर कर ली।

इस बीच, मामले की जांच में नाम आने के बाद रेल प्रशासन ने शुचि सिंह को उनके पद से हटा दिया है। उन्हें अब पीओ-आरसीटी के पद पर तैनात किया गया है, जबकि श्रेया सिंह को नया सीनियर डीसीएम बनाया गया है। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने इस बदलाव को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है।

सीबीआई फिलहाल इस पूरे मामले में रिश्वतखोरी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।-

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More