Palamu News: प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

पलामू: प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले में परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अद्यतन राजस्व संग्रहण, टैक्स डिफॉल्टरों से बकाया राशि की वसूली, वाहनों के निबंधन, परमिट, अवैध बसों के परिचालन, वाहन जांच, ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभागीय कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने, राजस्व की क्षति की भरपाई करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अद्यतन राजस्व संग्रहण एवं टैक्स डिफॉल्टरों की समीक्षा
आयुक्त ने तीनों जिलों में परिवहन विभाग के अद्यतन राजस्व संग्रहण की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टैक्स डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर बकाया राशि की वसूली के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही वाहनों की संख्या, उनसे संबंधित बकाया राशि तथा अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि राजस्व वसूली की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार से संबंधित मामलों की समीक्षा
बैठक में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लंबित बसों की सुनवाई से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, प्रतिमाह निबंधित होने वाले व्यावसायिक वाहनों की सूची, जारी किए गए परमिटों की संख्या, उनकी वैधता अवधि तथा निर्धारित मार्गों से संबंधित विवरण की समीक्षा की गई। ऑटो रिक्शा एवं अन्य संबंधित वाहनों की निबंधित सूची, परमिट की संख्या, वैधता तथा निर्धारित मार्गों की जानकारी भी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बसों से संबंधित लंबित मामलों की सुनवाई हेतु दिए निदेश
बैठक के दौरान क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार कार्यालय में बसों से संबंधित लंबित मामलों की सुनवाई सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया । उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने तथा मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
अन्य राज्यों की अवैध बसों एवं वाहन जांच पर जोर
आयुक्त ने अन्य राज्यों से आने वाली अवैध बसों के परिचालन पर नियंत्रण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसी बसों की सूची, उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा वाहन जांच अभियान की अद्यतन स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन तैयार रखने पर जोर दिया। वाहन जांच के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
वाहन निबंधन एवं ड्राइविंग लाइसेंस की स्थिति की समीक्षा
बैठक में वाहनों के निबंधन तथा ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और लर्नर लाइसेंस (LL) से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने तीनों जिलों में वाहनों के निबंधन की संख्या, जारी किए गए ड्राइविंग लाइसेंस एवं लर्नर लाइसेंस की अद्यतन स्थिति का विवरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि विभागीय कार्यों की प्रगति का आकलन किया जा सके।
नाव परिचालन, अवैध खनन एवं पेट्रोल पंप से जुड़े मामलों पर चर्चा
आयुक्त ने नाव परिचालन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए नाव चालकों को जारी अनुज्ञप्तियों की संख्या की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अवैध खनन से संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई, दर्ज मामलों की संख्या तथा दंडात्मक कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही तीनों जिलों के पेट्रोल पंपों की अद्यतन सूची तथा उनके द्वारा आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने की स्थिति की समीक्षा करने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने सीएनजी पंपों की स्थापना एवं उनके अधिष्ठापन की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ई-रिक्शा परिचालन एवं तकनीकी कर्मियों की कार्यावधि की जानकारी
बैठक में ई-रिक्शा परिचालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने ई-रिक्शा चालकों एवं वाहनों से संबंधित उपलब्ध आंकड़ों तथा निबंधन एवं परमिट की स्थिति की जानकारी व्यवस्थित रूप से रखने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त, परिवहन विभाग में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की कार्यावधि तथा उनकी नियुक्ति या कार्य प्रारंभ करने से संबंधित अवधि का विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया। यदि विभाग में सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्यरत हैं, तो उनकी उपलब्धता एवं कार्यावधि की जानकारी भी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
राजस्व क्षति की भरपाई एवं नियमित निगरानी का निर्देश
आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को परिवहन विभाग से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने, राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने और प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर अद्यतन आंकड़ों एवं कार्रवाई प्रतिवेदन के आधार पर प्रगति की निगरानी करने पर जोर दिया।
बैठक का उद्देश्य पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिलों में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना, राजस्व संग्रहण के लक्ष्य को पूरा करना तथा परिवहन से संबंधित विभिन्न मामलों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना रहा।


