Hazaribagh News: डूबते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का तीसरा दिन सम्पन्न

इचाक: लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन इचाक प्रखंड के विभिन्न गांवों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। प्रखंड के नदी, तालाब और छठ घाटों पर सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। साफ-सफाई और सजावट के बीच घाटों का दृश्य अत्यंत मनोहारी था। व्रतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में ठेकुआ, फल और अन्य पूजन सामग्री से सजे डाला के साथ सूर्य देव की उपासना की।
जैसे ही सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ा, व्रतियों ने जल में खड़े होकर सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठी मईया के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अब व्रती बुधवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे।


