Sahebganj News: संध्या अर्घ्य के साथ गूंजा ‘छठी मईया’ का जयकारा, रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया छठ घाट

साहिबगंज: प्रखंड मुख्यालय में चैती छठ महापर्व के तीसरे दिन आस्था का विराट दृश्य देखने को मिला। मंगलवार की संध्या प्रखंड मुख्यालय स्थित गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां डूबते भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने श्रद्धा और विश्वास की अद्भुत मिसाल पेश की। भक्ति और उल्लास के साथ व्रती महिलाएं पीले-लाल पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी नजर आईं, सिर पर दउरा और हाथों में सूप लिए पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। “छठी मईया” के जयकारों, लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हुए व्रतियों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की।
प्रमुख घाटों को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सुसज्जित किया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी में नहाया घाट किसी उत्सव स्थल से कम नहीं लग रहा था। स्थानीय युवाओं और पूजा समितियों ने मिलकर साफ-सफाई और व्यवस्था का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और निगरानी से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।
महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक छठ गीतों ने माहौल को और भी भावुक और आध्यात्मिक बना दिया। हर ओर आस्था, अनुशासन और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। चार दिवसीय इस कठिन निर्जला व्रत में संध्या अर्घ्य के साथ पूजा अपने चरम पर पहुंच गई है। अब व्रती पूरे नियम और श्रद्धा के साथ गुरुवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर इस महापर्व का समापन करेंगे। साहिबगंज की पवित्र गंगा नदी एक बार फिर आस्था का केंद्र बन गया, जहां हजारों लोगों की श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता ने चैती छठ को भव्य और यादगार बना दिया।


