Koderma News: सदर अस्पताल की बदलेगी सूरत: प्रबंधन समिति की बैठक में विकास का खाका तैयार

कोडरमा: सदर अस्पताल, कोडरमा की प्रबंधन समिति की बैठक मंगलवार को सदर अस्पताल स्थित सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष सह प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामधन यादव ने की। बैठक में सीएस डॉ अनिल कुमार, एसीएमओ डॉ पी मिश्रा, डीएस डॉ रंजीत कुमार डीपीएम महेश कुमार के अलावे बरही, बरकट्ठा व कोडरमा के विधायक प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद थे। डीएस डॉ रंजीत कुमार ने प्रबंधन समिति के समक्ष एजेंडा प्रस्तुत किया, जिसपर समिति ने विस्तार से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए जिप अध्यक्ष सह प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि सदर अस्पताल में ईलाज कराने आने वाले मरीजो को बेहतर सुविधा मिले, इसका प्रयास गंभीरता से सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सुधार हो और मरीजों की जरूरत के हिसाब से इंफ्रास्ट्रक्चर व सुविधाओ में बढ़ोतरी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर व सुविधा संबधित कार्यो का भौतिक निरीक्षण के बाद ही स्वीकृति दी जाएगी। सीएस डॉ अनिल कुमार ने कहा की सदर अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं में लगातार सुधार लाया जा रहा है और जरूरत के अनुसार योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। मैन पॉवर बढ़ाने और सुविधाओं की मॉनिटरिंग के लिए संबधित एजेंसी को बेहतर परिणाम देने का निर्देश दिया गया है। बैठक में विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव, विजय सिंह, रामजी यादव, मनीष बर्णवाल, लिपिक रूपेश कुमार, राजीव कुमार रंजन समेत प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद थे।


