Bokaro News: सड़क हादसा में मृतक के परिजनों से मिले मंत्री योगेंद्र

पेटरवार: पेयजल, स्वच्छता उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बोरवाडीह (तुलबुल) एवं होसिर पहुंचकर सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने बोरवाडीह (तुलबुल) निवासी परमेश्वर मांझी, बाबूदास किस्कू तथा तिलैया निवासी स्वर्गीय चंद्र साव के आवास पर जाकर शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया।
उल्लेखनीय है कि बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में परमेश्वर मांझी के 22 वर्षीय पुत्र कृष्णा मुर्मू, बाबूदास किस्कू के 23 वर्षीय पुत्र उमेश किस्कू तथा 60 वर्षीय चंद्र साव की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। मंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षति अत्यंत पीड़ादायक एवं अपूरणीय है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे स्वयं तथा पूरा समाज शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना किया।


