Hazaribagh News: चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में विभावि के प्रतिभागियों का शानदार प्रदर्शन

विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU) के दल ने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार जीते हैं। रंगोली, स्किट, माइम और शोभायात्रा जैसी विधाओं में पदक जीतकर विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की। गुरुवार को विश्वविद्यालय लौटने पर कुलपति और छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष ने विजेता टीम का भव्य स्वागत किया।

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालयों के राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय की बनी हुई प्रतिष्ठा को बरकरार रखा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा ने पूरे दल को जबरदस्त प्रस्तुति के लिए बधाई दी। विश्वविद्यालय लौटने पर गुरुवार को छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष डॉ विकास कुमार ने गर्म जोशी से पूरे दल का स्वागत किया।

चेन्नई के अनुभवों को साझा करते हुए विश्वविद्यालय दल के मुख्य प्रबंधक डॉ जॉनी रुफिना तिर्की, सह प्रबंधक अर्चना रीना धान तथा सहायक प्रबंधक सोनू कुमार ने बताया कि 10 से 14 मार्च 2026 तक चेन्नई के सत्यभामा इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में ‘कलाई सारल’ (Kalai Saaral) नेशनल यूथ फेस्टिवल-यूनिफेस्ट का भव्य आयोजन किया गया था। इस आयोजन में विनोबा भावे विश्वविद्यालय समेत 145 विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने 28 अलग-अलग विधाओं में भाग लिया।

विनोबा भावे विश्वविद्यालय दल की छाया दास ने रंगोली में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान, रूपा प्रेरणा ने वाद-विवाद में तीसरा स्थान, रौनक ने एलोक्यूशन में तीसरा स्थान प्राप्त कर झारखंड तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय को गौरव दिलाया। वहीं पश्चिमी सोलो गायन में पश्चिमोत्तर एवं भारत के बड़े-बड़े शहरों में अवस्थित विश्वविद्यालयों को टक्कर देते हुए विभावि ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

किसी भी युवा महोत्सव का सबसे आकर्षक विधा सांस्कृतिक शोभायात्रा माना जाता है। इसमें विश्वविद्यालय ने अखिल भारतीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर सबका दिल जीत लिया। इसी प्रकार समूह विधाओं में मुक अभिनय (mime) में अखिल भारतीय स्तर पर तीसरा स्थान, प्रहसन (skit) में दूसरा स्थान, पश्चिमी समूह गायन में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ष से प्रारंभ किया गया रचनात्मक नृत्य विन्यास (creative choreography) स्पर्धा में भारत के 145 विश्वविद्यालयों में पांचवा स्थान प्राप्त कर विभावि दल ने अपनी नवाचारी प्रस्तुति से सबको अवाक कर दिया।

दल के वरीय प्रबंधक डॉ जॉनी रुफिना तिर्की, सह प्रबंधक प्रो अर्चना रीना धान तथा सहायक प्रबंधक सोनू कुमार ने बताया की दल में 32 प्रतिभागी विद्यार्थी, 07 पेशावर संगत शिल्पी और 03 पदाधिकारी थे। ज्ञात हो कि इस वर्ष पूर्वी क्षेत्र युवा महोत्सव में विश्वविद्यालय उपविजेता का खिताब जीता था। उसी समय राष्ट्रीय युवा महोत्सव में 10 विधाओं में भाग लेने के लिए विभावि के प्रतिभागियों का चयन किया गया था।

 

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More