Koderma News: साइबर ठगी से सतर्क रहने के लिए डीएलएसए सचिव गौतम कुमार ने किया जागरूक

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल महिलाएं और स्थानीय निवासी।

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), कोडरमा के तत्वावधान में गुरुवार को चंदवारा प्रखंड के बड़की धमराय गांव में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने कहा कि वर्तमान में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न फँसने और सतर्क रहने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने लैंगिक समानता, स्थायी लोक अदालत, दहेज प्रथा तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए सचिव गौतम कुमार ने कहा कि नशा एक ऐसा सामाजिक व कानूनी अपराध है, जो व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से कमजोर कर उसके सर्वांगीण विकास को बाधित करता है। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा नशाखोरी, साइबर अपराध एवं अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाए गए हैं और कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

कानूनी दुष्परिणामों और नागरिक कर्तव्यों पर चर्चा

LADCS के अधिवक्ता अश्विनी शरण ने कहा कि साइबर अपराध और नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति अपना मानसिक संतुलन खो बैठता है, जिससे वह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो जाता है और कानूनन कठोर दंड का भागी बनता है।

न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने आम जनमानस से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति साइबर अपराध के विरुद्ध अभियान चलाकर भारत को साइबर अपराध मुक्त बनाने में अपनी सहभागिता निभाए।

कार्यक्रम का संचालन पीएलवी रेखा देवी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़की धमराय की प्रधानाध्यापिका कुमारी माधवी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पीएलवी हिरामन कुमार रजक, चमेली देवी, काजल देवी, बेबी देवी, प्रियंका देवी, शारदा देवी, दिवाकर कुमार, शिवम कुमार, शाज्बुन खातून, पूनम देवी, सौरभ कुमार एवं किशोरी यादव सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More