Koderma News: 15 हजार रिश्वत लेते चंदवारा थाना का दारोगा पवन गिरफ्तार

कोडरमा के चंदवारा थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को हजारीबाग एसीबी की टीम ने ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा नकली शराब के एक मामले को रफा-दफा करने के लिए बड़ी रकम की मांग कर रहा था। विधायक जयराम महतो के हस्तक्षेप और स्थानीय निवासी प्रेम चंद्र नायक की शिकायत पर एसीबी ने यह सफल कार्रवाई की है।

कोडरमा: एसीबी की टीम ने गुरुवार चंदवारा थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी दरोगा एक मामले में मदद करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। जानकारी के अनुसार नकली शराब के एक मामले कई लोग अभियुक्त बनाये गए थे। इस मामले में उक्त दारोगा बड़ी रकम की मांग कर रहा था। इसकी शिकायत विधायक जयराम महतो तक पहुंची। उन्होंने स्थानीय प्रेम नायक को मामले को देखने को कहा। चंदवारा निवासी प्रेम चंद्र नायक ने मामले में अभियुक्तों से मुकदमा लड़ने का पावर लिया। वहीं रिश्वत मांगे जाने की हजारीबाग एसीबी से शिकायत दर्ज कराई गयी। 

शिकायतकर्ता का आरोप था कि सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार राम उक्त मामले को रफा-दफा करने या उसमें राहत देने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। काफी मिन्नतें करने के बाद सौदा तय हुआ। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। जिसके तहत पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये गुरुवार को दिया जा रहा था। जैसे ही प्रेम चंद्र नायक ने तय रणनीति के तहत चंदवारा थाना परिसर में सब इंस्पेक्टर पवन कुमार राम को रिश्वत के पैसे थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें धर दबोचा। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी दरोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More