Pakur News: चापाकल का पानी पीने योग्य नहीं, सोख्ता निर्माण की मांग

पाकुड़: दादपुर पंचायत के पोखरिया गांव में ग्राम प्रधान के घर के सामने लगा चापाकल ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चापाकल का पानी पीने योग्य नहीं है, लेकिन अन्य विकल्प नहीं होने के कारण कई लोग मजबूरी में उसी पानी का उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार चापाकल के पास सोख्ता (सोख पिट) का निर्माण नहीं होने से निकला हुआ पानी आसपास जमा हो जाता है। इससे आसपास गंदगी फैलने के साथ-साथ पानी के दूषित होने की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि बरसात या लगातार उपयोग के दौरान वहां जलजमाव हो जाता है, जिससे स्वच्छता पर भी असर पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि जल्द ही सोख्ता का निर्माण नहीं कराया गया तो दूषित पानी पीने से गांव में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसको लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों से चापाकल के पानी की जांच कराने तथा जल्द सोख्ता निर्माण कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके।


