Dumka News: संघर्ष से सफलता तक, सुदीपा दत्ता ने यूपीएससी में हासिल किया 41वीं रैंक

झारखंड की उपराजधानी दुमका की सुदीपा दत्ता ने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट लगन से UPSC सिविल सेवा परीक्षा में 41वीं रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। बिना किसी कोचिंग के, घर पर रहकर और ऑनलाइन संसाधनों तथा राजकीय पुस्तकालय की मदद से उन्होंने यह मुकाम अपने तीसरे प्रयास में पाया। डाक विभाग में कार्यरत पिता की बेटी सुदीपा ने इससे पहले JPSC CDPO परीक्षा में भी 24वीं रैंक प्राप्त की थी, और अब उनकी यह सफलता झारखंड के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखते हैं।

दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका की सुदीपा दत्ता ने अपनी मेहनत और लगन से यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 41वां रैंक हासिल कर एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान के घर पर रहकर ही तैयारी की और तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की। पहले प्रयास में तैयारी पूरी नहीं होने के कारण वे प्रारंभिक परीक्षा पास नहीं कर सकीं। दूसरे प्रयास में उन्होंने इंटरव्यू तक जगह बनाई, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत जारी रखी। सुदीपा ने अपनी स्कूली शिक्षा संत जोसेफ स्कूल, बांका और सिदो कान्हू विद्यालय, दुमका से पूरी की। 

इसके बाद उन्होंने आदित्य नारायण महाविद्यालय, दुमका से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की। उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में कार्यरत हैं और मां पम्पा दत्ता गृहिणी हैं। परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं।सुदीपा ने बताया कि वे दुमका में रहकर ही ऑनलाइन संसाधनों की मदद से पढ़ाई करती थीं और नियमित रूप से दुमका राजकीय पुस्तकालय जाकर तैयारी करती थीं। रोजाना 10 घंटे से अधिक पढ़ाई उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।हाल ही में झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सीडीपीओ परीक्षा में भी उन्होंने 24वां रैंक हासिल किया था। सुदीपा का कहना है कि उनका जीवन लक्ष्य देश और समाज की सेवा करना है। उनकी सफलता झारखंड के युवाओं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More