Palamu News: प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का किया औचक निरीक्षण

पलामू: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत गढ़वा जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों का पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने औचक निरीक्षण किया। गढ़वा आगमन पर सर्किट हाउस में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने उनका स्वागत किया, जिसके उपरांत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आरके गोविंद +2 हाई स्कूल एवं पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय (जाटा) तथा 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्री बंशीधर नगर के प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं पंचायत सचिवालय (नरही) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटाइजेशन ड्राइव, जनसुनवाई और फॉर्म-6 के जरिए नाम जोड़ने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
कार्यों पर व्यक्त किया संतोष, आम नागरिकों से किया सीधा संवाद
सभी स्थलों पर SIR से संबंधित कार्य संतोषजनक एवं व्यवस्थित पाए गए। प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने उपस्थित नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। आयुक्त ने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
अब तक जुड़े 27 हजार मतदाता
जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने की दिशा में फॉर्म-6 के माध्यम से अब तक लगभग 27,000 नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा चुके हैं। प्रमंडलीय आयुक्त ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष पात्र नागरिकों तक पहुँच बनाने पर जोर दिया।
10 अक्टूबर को हेल्प डेस्क और 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच
10 अक्टूबर 2026: जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क आयोजित कर आम नागरिकों को आवश्यक सहायता व जानकारी दी जाएगी।
12 से 16 अक्टूबर 2026: विशेष आउटरीच अभियान के तहत घर-घर जाकर छूटे हुए लोगों के नाम दर्ज किए जाएंगे। इस दौरान अनाथ व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडरों, सेक्स वर्कर्स एवं अन्य वंचित वर्गों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पारदर्शी एवं समावेशी मतदाता सूची पर बल
प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाना है। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने आम नागरिकों से अपने विवरण की जांच करने और आवश्यकतानुसार सुधार या नाम जुड़वाने की अपील की। इस औचक निरीक्षण के दौरान 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी-सह-ERO कुमार मयंक भूषण, 81-भवनाथपुर के अनुमंडल पदाधिकारी-सह-ERO प्रभाकर मिर्धा, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


